बराकर: भादो अमावस्या के अवसर पर बराकर शहर के वार्ड नंबर 68 स्थित हलवाई पट्टी में मां रक्षा काली की वार्षिक पूजा धूमधाम और भक्तिमय माहौल में आयोजित की गई। पूजा का आयोजन रक्षा काली पूजा कमेटी की ओर से किया गया।
पूजा कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सह मंत्री अजय कुमार पोद्दार शामिल हुए और मां काली के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। पूजा को लेकर मंदिर परिसर का रंग-रोगन कराने के साथ आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।
शाम के समय वेदी पर मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके बाद ब्राह्मणों की देखरेख में शास्त्रोक्त विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हुई। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान पूजा कमेटी की ओर से विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार को साल और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. पोद्दार ने भी कमेटी के सदस्यों को दुपट्टा देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
पूजा-अर्चना के बाद देर रात करीब 12 बजे गाजे-बाजे के साथ मां काली की प्रतिमा का बराकर नदी में विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
















