धनबाद: उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लोआडीह में शुक्रवार को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रवि कुमार निषाद ने कहा कि ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है। सही मार्गदर्शन और मेहनत के जरिए विद्यार्थी बेहतर शिक्षा हासिल कर देश के भविष्य को मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागोड़िया, निरसा में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9 और कक्षा 11 में लेटरल एंट्री के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। कक्षा 8 में सीधे प्रवेश का प्रावधान नहीं है। कक्षा 8 में पढ़ने वाले विद्यार्थी कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
संकल्प एजुकेशन के निदेशक सह जय धरती मां फाउंडेशन के जिला सचिव सहदेव महतो ने कहा कि नवोदय विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 9 और 11 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। ऑनलाइन सुधार की सुविधा 1 और 2 अक्टूबर 2026 को उपलब्ध होगी, जबकि प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही किसी परेशानी की स्थिति में नजदीकी पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, धनबाद (निरसा) से संपर्क करने की सलाह दी गई। मौके पर विद्यालय के शिक्षक भी मौजूद रहे।
















