धनबाद |
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में तालाब में डूबने से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दिलीप हांसदा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिलीप हांसदा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। बुधवार दोपहर वह गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने देर रात तक उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दिलीप हांसदा का शव तालाब से बरामद किया गया।
शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिलीप की असामयिक मौत से उसके तीन बच्चों और परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दे दी गई है। साथ ही मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
ये भी पढ़ें:-dhanbad झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग में धनबाद के 8 खिलाड़ियों का चयन, डीसीए में खुशी की लहर
















