गोविंदपुर: गोविंदपुर प्रखंड के किस्टोपुर प्राथमिक विद्यालय में एक छात्रा की मांग पर जिला प्रशासन ने कंप्यूटर उपलब्ध कराया है। 28 अक्टूबर को उपायुक्त आदित्य रंजन से छात्रा ने स्कूल में कंप्यूटर लगाने की मांग की थी, जिसे 31 अक्टूबर को पूरा कर दिया गया।
दरअसल, डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने 28 अक्टूबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इसी दौरान छात्रा ने उनसे अपने और सहपाठियों के लिए कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि बच्चे भी कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक सीख सकें।
छात्रा की मांग पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कंप्यूटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद 31 अक्टूबर को स्कूल में कंप्यूटर सेट स्थापित कर दिया गया। कंप्यूटर मिलने से छात्रा समेत विद्यालय के अन्य बच्चों में खुशी का माहौल है।
जिला प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
















