आसनसोल, 12 नवंबर: छठ पूजा के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने आसनसोल, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
होल्डिंग एरिया और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
आसनसोल और जसीडीह स्टेशन पर टेंटयुक्त होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि यात्री निर्धारित स्थान पर ट्रेन का इंतजार कर सकें। RPF के जवान मेगाफोन के जरिए दिशा-निर्देश दे रहे हैं, जबकि रेलकर्मी कतार प्रबंधन और यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने में मदद कर रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहायता दी जा रही है।
CCTV से निगरानी, रेलवन ऐप के इस्तेमाल की अपील
स्टेशनों पर CCTV और कंट्रोल रूम के जरिए भीड़ पर नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ भी बनाए गए हैं। टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए रेलवन ऐप, ATVM और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली के इस्तेमाल के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसके अलावा स्टेशनों पर साफ-सफाई और भक्ति गीतों की व्यवस्था की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से कतार में रहने, धक्का-मुक्की से बचने और ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को पहले रास्ता देने की अपील की है। साथ ही उद्घोषणा और रेलकर्मियों के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
















