चिरकुंडा: थाना क्षेत्र के नेहरू रोड स्थित पंचमुखी मंदिर के समीप जंगल से करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोनारडंगाल निवासी बिरजू शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची चिरकुंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक के पिता के अनुसार राहुल शराब का सेवन करता था और संभव है कि नशे की हालत में गिरने से उसके माथे पर चोट लगी हो। उन्होंने किसी तरह की मारपीट की आशंका से इनकार किया है। वहीं, मृतक की पत्नी ने राहुल पर शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत नहीं हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















