देवघर जिले के मारगोमुंडा प्रखंड स्थित पंदनियां पीवीटीजी गांव में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने डीसी के सामने पेयजल संकट, राशन वितरण, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य बुनियादी समस्याओं को रखा। पेयजल समस्या को गंभीर मानते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पंदनियां पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ शो-कॉज जारी करने का आदेश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, मधुपुर एसडीओ समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।














