देवघर: अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बोलेरो वाहनों से करीब 1,200 लीटर स्प्रिट बरामद किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि गिरिडीह-जमुआ की ओर से दो बोलेरो में स्प्रिट लादकर देवीपुर के हथवारी गांव ले जाया जा रहा है। इसके बाद तिलैया मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगे, लेकिन पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ निवासी अकबर अली (42) और बुढ़ैई थाना क्षेत्र के सुग्गापहाड़ी निवासी दिवाली राय (26) के रूप में हुई है। वहीं, हथवारी निवासी मंटू यादव फरार बताया गया है।
पुलिस ने दोनों वाहनों से 30 गैलन में रखी 1,200 लीटर स्प्रिट जब्त की है। मामले में बुढ़ैई थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज कर उत्पाद अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
















