पूर्वी टुंडी : धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत स्थित रघुनाथपुर का प्राचीन शिव मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। विशेषकर श्रावण मास में यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से बाबा भोलेनाथ के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित करता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है।
मंदिर के मुख्य पुजारी काशीनाथ भट्टाचार्य और बैद्यनाथ भट्टाचार्य ने बताया कि इस मंदिर में पूजा-अर्चना की परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि सावन ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। मंदिर परिसर में पूजा-पाठ के साथ-साथ शादी-विवाह सहित कई धार्मिक एवं सामाजिक अनुष्ठानों का भी आयोजन होता है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों से मिली इस सेवा परंपरा को पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर की धार्मिक महत्ता के बावजूद यहां कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वर्षों से परिवार सहित बाबा के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु प्रफुल्ल मंडल ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि तेज धूप और बारिश के दौरान श्रद्धालुओं को खुले आसमान के नीचे कतार में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है।
स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में शेड, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, बैठने के लिए चबूतरा और बाउंड्री वॉल के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इन मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाए तो दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और मंदिर परिसर की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
इस दौरान सुबोधन मुर्मू, समाजसेवी श्याम पद मंडल, नीला मंडल, संदीप मंडल, बिपिन मंडल, विश्वजीत मंडल सहित कई स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस प्राचीन शिव मंदिर के समुचित विकास की दिशा में शीघ्र पहल करने की अपील की।
















