धनबाद : जिले में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर मतदाता मैपिंग अभियान तेज कर दिया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी 2482 मतदान केंद्रों पर शनिवार को अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई। प्रशासन का लक्ष्य 30 जून से पहले सभी मतदाताओं की मैपिंग पूरी करना है।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम अब भी अनमैप्ड सूची में शामिल है, वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ (BLO) से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता मैपिंग का कार्य केवल बीएलओ एप के माध्यम से किया जा रहा है, इसलिए मतदाताओं का बीएलओ से संपर्क करना जरूरी है।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, धनबाद जिले में कुल 21,13,416 मतदाता हैं। इनमें अब तक 13,06,498 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 8,06,918 मतदाता अब भी अनमैप्ड हैं। जिले में कुल मैपिंग प्रतिशत 61.82% तक पहुंच गया है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में टुंडी विधानसभा सबसे आगे है, जहां 71.78% मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। वहीं धनबाद विधानसभा क्षेत्र सबसे पीछे चल रहा है, जहां केवल 45.94% मतदाताओं की ही मैपिंग पूरी हो सकी है।
हालांकि, शनिवार को जिले के कुछ बूथों पर अनमैप्ड मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं होने की शिकायतें भी सामने आईं। नावाडीह इलाके के कुछ मतदान केंद्रों पर लोग सूची देखने पहुंचे, लेकिन सूची उपलब्ध नहीं होने से निराश लौटना पड़ा।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आगामी पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विधानसभा क्षेत्रवार मैपिंग स्थिति:
- सिंदरी – 70.58%
- निरसा – 70.38%
- धनबाद – 45.94%
- झरिया – 50.79%
- टुंडी – 71.78%
- बाघमारा – 66.91%
















