धनबाद : हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस बार भी बंगाली कल्याण समिति द्वारा बंगाली नववर्ष 1433 के स्वागत में भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। सुबह के समय निकली इस सांस्कृतिक यात्रा ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
प्रभातफेरी जे.सी. मल्लिक रोड से शुरू होकर दुर्गा मंदिर मोड़, माधव अपार्टमेंट, पार्क मार्केट, ज्ञान मुखर्जी रोड और शक्ति मेडिकल होते हुए हरिमंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया, वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नृत्य गुरुओं के मार्गदर्शन में करीब 100 बच्चों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। युवा कलाकारों के साथ-साथ शहर के वरिष्ठ कलाकारों ने भी गायन के जरिए अपनी भागीदारी निभाई, जिससे माहौल और भी जीवंत हो उठा।
इस अवसर पर समिति की ओर से सभी धनबादवासियों को बंगाली नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं और आने वाले वर्ष के लिए सुख, समृद्धि और विश्व शांति की कामना की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मेमेंटो और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें :-धनबाद में रक्तदान शिविर का आयोजन: लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, समाजसेवा का दिया संदेश
















