झरिया/धनबाद: भाटडीह रेलवे फाटक की समस्या को लेकर भाजपा धनबाद जिला आईटी सेल प्रभारी एवं झरिया विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता शिवांश श्रीवास्तव ने ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया।
शिवांश श्रीवास्तव ने बताया कि भाटडीह समेत तीन रेलवे फाटकों के स्थान पर अंडरपास बनाए जाने की योजना थी। इनमें से दो अंडरपास का निर्माण होने के बाद काम अधूरा रह गया। उन्होंने अधूरे पड़े भाटडीह अंडरपास का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान बताया गया कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टेंडर रद्द होने के बाद नए सिरे से टेंडर जारी कर अधूरे अंडरपास का काम पूरा कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
इसके अलावा भागा रेलवे फाटक, सिंदरी टाउन और पाथरडीह जंक्शन सहित सिंदरी क्षेत्र की विभिन्न रेलवे एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी महाप्रबंधक के समक्ष रखी गईं।
महाप्रबंधक ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डीआरएम अखिलेश मिश्रा समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाटडीह अंडरपास का अधूरा निर्माण जल्द शुरू होगा, जिससे रेलवे फाटक के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।
















