धनबाद: भूली नगर पहली बार राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन ‘कला महाकुंभ-2026’ का साक्षी बनने जा रहा है। कला निकेतन, भूली नगर के तत्वावधान में 27 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, नृत्य एवं झांकी प्रतियोगिता में देश के 13 राज्यों के करीब 450 कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री कमलेश पांडेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कलाकारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था सरस्वती बाल निकेतन, सेक्टर-4 भूली में की जाएगी, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए नेहरू बालिका विद्यालय, भूली में भव्य मंच तैयार किया जाएगा।
बैठक में समाजसेवी एवं नव संकल्प मंच के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह तथा उद्घोषक मानस रंजन पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह सांस्कृतिक महोत्सव आम दर्शकों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय कला और संस्कृति का आनंद ले सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला खेल सह संस्कृति नोडल पदाधिकारी एवं कला निकेतन के संरक्षक उमेश लोहरा, जिला पर्यटन विशेषज्ञ संतोष कुमार, कोयलांचल नाट्य संघ के निर्देशक राजेंद्र प्रसाद, आरोही नाट्य मंच के निर्देशक संजय भारद्वाज सहित कई सांस्कृतिक हस्तियां सहयोग कर रही हैं।
बैठक में भीम महतो, दुलारचंद्र यादव, धर्मवीर कुमार, नूतन सिन्हा, नित्या सहाय, क्रान कुमार, निशांत कुमार, सतीश कुमार, आकाश सहाय, दीपक पंडित, अभिषेक कुमार, गौतम कुमार, रमेश कुमार और प्रशांत कुमार सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
















