धनबाद : एशिया की सबसे बड़ी श्रमिक नगरी भूली में पहली बार भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथ यात्रा का शुभारंभ समाजसेवी कुंभनाथ सिंह और एल.बी. सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ भूली के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और भजन-कीर्तन के साथ भगवान का स्वागत किया। यात्रा के दौरान महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
पहली बार आयोजित इस रथ यात्रा को लेकर महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे आयोजन में भक्ति एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे भूली के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास का एक यादगार क्षण बताया।
इस अवसर पर नीलूकांत सिन्हा, मिथिलेश पासवान, पूर्व पार्षद रजीत कुमार उर्फ बिल्लू, कांग्रेस नेता दिनेश यादव, पूर्व पार्षद अशोक यादव, ब्रह्मदेव यादव, मनोज सिंह, अरुण मंडल, लाला तुरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















