धनबाद : Raj Sinha ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील को समर्थन देते हुए गुरुवार को शहर में टोटो (ई-रिक्शा) से सफर किया। विधायक रणधीर वर्मा चौक पर टोटो से निकलते नजर आए और घोषणा की कि अब वे सप्ताह में दो दिन अपने विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण टोटो से करेंगे।
मीडिया से बातचीत में विधायक राज सिन्हा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना केवल ईंधन बचत का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयातित कच्चे तेल पर निर्भर है। ऐसे में ईंधन की खपत कम होने से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और महंगाई पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हर नागरिक इस अभियान में योगदान दे सकता है। टोटो, साइकिल, सार्वजनिक परिवहन और पैदल चलने जैसी आदतों को अपनाकर ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
टोटो से सफर करते हुए विधायक महावीर नगर जा रहे थे, जहां उन्होंने जिले की मेधावी छात्रा Poonam Gorai को सम्मानित करने की बात कही। विधायक ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान युवाओं को प्रेरित करता है और समाज में सकारात्मक संदेश देता है।
इसके बाद विधायक नगर निगम जाकर शहर के विकास, स्वच्छता, सड़क और पेयजल जैसी समस्याओं पर चर्चा करने वाले थे।
राज सिन्हा ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि यदि बाजार या अन्य जरूरी स्थान घर के पास हों तो पैदल चलने की आदत डालें। इससे स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और ईंधन की भी बचत होगी।
















