धनबाद : राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत सदर अस्पताल धनबाद ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। किसी स्वास्थ्य योजना में राष्ट्रीय स्तर पर धनबाद के लिए यह पहली बार है, जब जिला टॉप तीन में शामिल हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी सूची में यह उपलब्धि दर्ज की गई है।
सदर अस्पताल के युवा मैत्री केंद्र को एडोलसेंट फ्रेंडली हेल्थ सर्विस, वीकली आयरन फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन, पियर एजुकेटर प्रोग्राम और मेंस्ट्रूअल हाइजीन स्कीम के बेहतर संचालन के लिए यह सम्मान मिला है।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा और युवा मैत्री केंद्र की काउंसलर रानी प्रसाद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सदर अस्पताल धनबाद की पहचान बनना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य कर रहा है।
काउंसलर रानी प्रसाद ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे स्वास्थ्य विभाग की टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में बच्चों में शारीरिक, मानसिक और हार्मोनल बदलाव तेजी से होते हैं, जिसके कारण उनके मन में कई तरह की जिज्ञासाएं भी पैदा होती हैं। केंद्र का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को सही मार्गदर्शन देना, उनके भ्रम दूर करना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि युवा मैत्री केंद्र लगातार किशोर स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।














