जमशेदपुर : साकची स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में पर्वत और नदी संरक्षण को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें देशभर से पर्यावरण विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी. गोपाला गौड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में नदियों और पर्वतों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस पहल की आवश्यकता बताई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानूनी मसौदों और नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
जल संरक्षण के क्षेत्र में “जलपुरुष” के नाम से प्रसिद्ध राजेंद्र सिंह ने कहा कि लगातार पहाड़ नष्ट हो रहे हैं और नदियां प्रदूषित होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज और सरकार दोनों को मिलकर गंभीर प्रयास करने होंगे।
सम्मेलन में पूर्व वियाडा अध्यक्ष विजय झा ने भी पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में स्वागत भाषण युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने दिया, जबकि विषय प्रवेश डॉ. दिनेश मिश्रा ने किया। अध्यक्षीय भाषण तरुण भारत संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन अशोक गोयल ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसके साथ सम्मेलन के प्रथम दिन का समापन हुआ।
इस अवसर पर धर्मेंद्र तिवारी, गौतम मंडल, उदय सिंह, धर्मजीत चौधरी, अरविंद सिंह, नवनीत सिंह, मुन्ना सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।














