पूर्वी टुंडी : साइबर अपराध की रोकथाम और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से मैरानवाटांड़ पंचायत के शिव मंदिर प्रांगण में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए।
चौपाल को संबोधित करते हुए ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस. याकूब ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना OTP, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि मोहलीडीह, मैरानवाटांड़, दुमा, दलदली और चुरुरिया समेत कुछ गांव पुलिस की साइबर अपराध हॉटस्पॉट सूची में शामिल हैं। उन्होंने साइबर अपराध की ओर बढ़ चुके युवाओं से अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि अपराध जारी रखने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में धनबाद मुख्यालय-2 के डीएसपी नाजिर अख्तर, सर्किल इंस्पेक्टर साजिद हुसैन, थाना प्रभारी नीतीश कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस या संबंधित साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
















