झरिया : झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोदना अंतर्गत लिलोरी पथरा में हुए भू-धंसान के बाद सोमवार को विधायक रागिनी सिंह ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के साथ स्थानीय परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने BCCL के एरिया जीएम, एजेंट समेत अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को पहले ही रेड जोन घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद यहां रह रहे परिवारों को अब तक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया है।
विधायक ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए एक सप्ताह के भीतर लिलोरी पथरा में बचे प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करने का अल्टीमेटम दिया।
उन्होंने भू-धंसान वाले स्थान की तत्काल भराई कराने और घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोकने की भी मांग की, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।
स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि भू-धंसान की घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। कई परिवारों को अपने घर और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों ने जल्द पुनर्वास और सुरक्षित आवास की मांग रखी।
विधायक रागिनी सिंह ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और पुनर्वास के मुद्दे को लेकर वह लगातार अधिकारियों से बात करेंगी। निरीक्षण के दौरान सेलो पासवान, रामाधार सिंह, बबलू भगत समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















