धनबाद : कार्मिक नगर (सरायढेला) स्थित साधना गार्डन में रविवार शाम ‘साधना डांस एंड ज़ुम्बा स्टूडियो’ की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। आयोजन में चंदन स्टूडियो ने स्टूडियो पार्टनर के रूप में सहयोग किया।
सावन के रंग में रंगे इस कार्यक्रम में रैंप वॉक, ‘टारगेट द पॉइंट’, ‘गेस द वर्ड’, सामूहिक एवं एकल नृत्य और संगीत जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हरे रंग की साड़ियों में सजी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से कार्यक्रम में खास रंग भर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता रही। शानदार रैंप वॉक और आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन के दम पर उमा दासगुप्ता ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। उन्हें ताज और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। चंदन स्टूडियो की ओर से उन्हें विशेष उपहार भी प्रदान किया गया।
प्रीति आनंद को सेकेंड रनर-अप चुना गया। वहीं ‘टारगेट द पॉइंट’ प्रतियोगिता में रेखा रजवार विजेता रहीं, जबकि ‘गेस द वर्ड’ में जॉली शाहा ने बाजी मारी।
कार्यक्रम में लकी ड्रॉ का भी आयोजन हुआ। पियाली मसत ने पहला, उमा ने दूसरा और पूनम ने तीसरा पुरस्कार जीता। प्रतियोगिताओं में रिकी बागति ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आयोजिका प्रियंका सेनगुप्ता ने बताया कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का मंच देना था। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्टूडियो की ओर से जन्माष्टमी उत्सव और डांडिया नाइट जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक नृत्य और फोटो सेशन के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
















