धनबाद: अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह धनबाद में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। ईडी की टीमों ने एक साथ करीब 25 ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच शुरू की। यह कार्रवाई कथित तौर पर कोयला कारोबार से जुड़े एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव तथा उनके सहयोगियों से संबंधित परिसरों पर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की लगभग 25 अलग-अलग टीमें एक साथ विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों द्वारा बैंकिंग लेन-देन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय कागजातों की गहन जांच की जा रही है। जांच का केंद्र अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कथित आर्थिक अपराध हैं।
बताया जा रहा है कि ईडी ने इस पूरे मामले में पहले ही चार अलग-अलग एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की थी। एजेंसी को संदेह है कि अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की गई है। इसी आधार पर छापेमारी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने धनबाद और दुमका में लगभग 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने 150 से अधिक जमीन से जुड़े दस्तावेज और ₹2.20 करोड़ से अधिक नकदी बरामद की थी। जांच में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य भी सामने आए थे।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज, संपत्ति या अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं।
















