धनबाद: भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध में गुरुवार को धनबाद में ब्राह्मण समाज एवं स्वर्ण समाज के बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। रणधीर वर्मा चौक क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
हाथों में मोमबत्तियां लिए लोगों ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “भरत भूषण तिवारी अमर रहें” के नारे भी लगाए गए। मार्च के समापन पर रणधीर वर्मा चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां उपस्थित लोगों ने दिवंगत भरत तिवारी को याद करते हुए न्याय की मांग दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा यदि किसी स्तर पर दोष सिद्ध होता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
सुरेश चंद्र तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शाहपुर के विलोटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले को लेकर समाज में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कैंडल मार्च में सरोज शुक्ला, वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी, सुरेश चंद्र तिवारी, सत्येंद्र प्रकाश पांडे, प्रमोद कुमार दूबे, विकास पांडे, श्रीराम पांडे, नागेंद्र शुक्ला, शक्ति पाठक, डी.के. उपाध्याय, दिलीप सिंह, बॉबी पांडे, डॉ. पी.के. मिश्रा, उदय चंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
















