कतरास/तेतुलमारी (धनबाद): धनबाद के तेतुलमारी क्षेत्र में गुरुवार को प्रेम विवाह का एक दिलचस्प मामला सामने आया। बिहार के औरंगाबाद जिले की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने की इच्छा से उसके घर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि युवती काजल सीधे अपने प्रेमी बिट्टू के घर पहुंची। दोनों के रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद दोनों परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों ने आपसी सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया।
इसके बाद तेतुलमारी स्थित एक स्थानीय देवी मंदिर में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
विवाह के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों के सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
















