धनबाद: डीएवी कोयला नगर में गुरुवार, 31 जुलाई 2026 को महान हिंदी साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा कक्षा तीसरी, चौथी और पाँचवीं के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन, व्यक्तित्व और हिंदी साहित्य में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को उनकी प्रसिद्ध कहानियाँ ‘ईदगाह’ और ‘पंच परमेश्वर’ सहित अन्य रचनाओं के माध्यम से सामाजिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और नैतिक आदर्शों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मुंशी प्रेमचंद का जीवंत मंचन रहा, जिसे उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुति ने प्रेमचंद के व्यक्तित्व और उनके साहित्य को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती डोलन चंपा बनर्जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुंशी प्रेमचंद के आदर्श, सादगी, मानवीय संवेदनाएँ और नैतिक मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने बच्चों से उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए साहित्य, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को समझने का प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।
















