धनबाद: पाटलीपुत्र अस्पताल, जोड़ा फाटक रोड की ओर से शुक्रवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पॉलिटेक्निक रोड, धनबाद परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
शिविर में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसमें डॉ. मणि कुमार (एमडी, फिजीशियन), डॉ. प्रकाश कुमार झा (डीएम, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी), डॉ. विकास कुमार (बीडीएस, डेंटल), डॉ. मुक्ति किशोर (जनरल फिजीशियन) तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट प्रशांत मंडल (नेत्र विभाग) शामिल रहे।
अस्पताल की टीम ने सभी प्रतिभागियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और पल्स की नि:शुल्क जांच की। शिविर में कुल 135 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें गैस्ट्रो विभाग के 43, जनरल फिजीशियन के 56, नेत्र विभाग के 22 और डेंटल विभाग के 14 मरीज शामिल रहे।
जांच के दौरान कई ऐसे मरीजों की पहचान हुई, जिन्हें विस्तृत जांच एवं बेहतर उपचार के लिए पाटलीपुत्र अस्पताल आने की सलाह दी गई। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक रोड, धनबाद के सभी कर्मचारियों को झारखंड राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत सीजीएचएस दरों पर पाटलीपुत्र अस्पताल में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर की सफलता में संस्थान के प्रभारी आनन्दी रजवार एवं उपेंद्र कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर रोगों की पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पाटलीपुत्र अस्पताल की स्वास्थ्य टीम के सोमनाथ सिंह, मुकेश कुमार, मुस्कान, गुलनाज, मल्लिका सेम, सुमन, अमीर और राजन ने भी शिविर को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
















