धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर में शनिवार को डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के मानद कोषाध्यक्ष एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) ए. के. अदलखा का गरिमामय स्वागत किया गया। वे डीएवी धनबाद/झारखंड की स्थानीय प्रबंधन समिति (Local Managing Committee) के अध्यक्ष भी हैं। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या डी. बनर्जी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) ए. के. अदलखा ने विद्यालय के शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और नैतिक मूल्यों के निर्माण में भी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “मनुष्य का जन्म तो हमें अवश्य प्राप्त होता है, किंतु उसके भीतर मानवता की भावना का संस्कार डीएवी ही पिरोता है।” उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में मानवता, अनुशासन, नैतिकता, सेवा-भाव और राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों का विकास करें, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बन सकें।
ब्रिगेडियर अदलखा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझे। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण, सकारात्मक सोच और आदर्श व्यवहार के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाएं पापिया चटर्जी, मौसमी दास, रश्मि गांगुली, मनोज सिंह, बी.के. मंडल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने ब्रिगेडियर अदलखा के प्रेरणादायी विचारों को गंभीरता से सुना और उनके अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या डी. बनर्जी ने ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) ए. के. अदलखा का विद्यालय आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरक विचार शिक्षकों को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगे तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
















