धनबाद: बाईपास बलियापुर रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में बुधवार को जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग देना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन धनबाद के सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज के छात्र-छात्राओं, नर्सिंग विद्यार्थियों और अस्पताल के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर अभियान को सफल बनाया।
जेपी हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रदीप मंडल ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्थान सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता है।
जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के एमडी नित्यानंद मंडल ने युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में डायरेक्टर डॉ. किमी मंडल, नर्सिंग प्रिंसिपल शोभना भट्टाचार्य सहित संस्थान के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिविर में सरला, सिमरन, प्रियांशु, जितेंद्र, मंदिरा बनर्जी, गोपाल पासवान, कुतुबल्लाह, रतन कुमार, डॉ. ओझा समेत कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
















