धनबाद/केलियासोल: धनबाद जिले के केलियासोल प्रखंड अंतर्गत सुसनलिया पंचायत के बोलायचौक गांव में 23 वर्षीय विवाहिता अलीना मोदक का शव खेत में बने एक डोभा से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, अलीना मोदक की शादी करीब तीन वर्ष पहले महावीर मोदक से हुई थी। उनकी छह माह की एक बेटी भी है। परिजनों ने बताया कि अलीना मंगलवार से घर से लापता थीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चलने पर कालूबाथान ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने खेत के डोभा में एक महिला का शव तैरता देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान अलीना मोदक के रूप में की।
सूचना मिलते ही कालूबाथान ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अलीना की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
















