सिजुआ/धनबाद:टाटा स्टील (सिजुआ ग्रुप) की सिक्योरिटी एवं अग्निशमन टीम ने टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) के सहयोग से मलकेरा स्थित टीएसएफ कोचिंग सेंटर में बुनियादी अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर आग से बचाव और आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य लोगों में अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आग लगने के सामान्य कारण, उससे बचाव के उपाय, विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के उपयोग, PASS (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) तकनीक, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 101 और 112 की जानकारी दी गई। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र, फायर होज़ सिस्टम और एलपीजी सिलेंडर सुरक्षा का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
प्रशिक्षण के अंतर्गत मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में त्वरित और सही निर्णय लेने का व्यावहारिक अनुभव मिला।
कार्यक्रम में मलकेरा के मुखिया विनोद कुमार रजक, टाटा स्टील के मैनेजर (सिक्योरिटी) रिंकू गुप्ता, टाटा स्टील फाउंडेशन के बिपिन चौधरी, कंपनी के अन्य अधिकारी, अग्निशमन टीम के सदस्य तथा टीएसएफ के कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समुदाय में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने, दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम करने तथा लोगों को आपदा के समय सतर्क और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
















