धनबाद: धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण राजगंज थाना पहुंचकर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, फरार चालक की गिरफ्तारी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
मृतक की पहचान तेतुलमारी के पांडेडीह निवासी हरीचंद चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र उदय चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उदय चौधरी अपनी होंडा शाइन बाइक (JH10CP/3319) से मीट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजगंज थाना क्षेत्र स्थित वाटिका रेस्टोरेंट के समीप कथित रूप से गलत दिशा से आ रहे हाईवा (JH10AL/8690) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाईवा को जब्त कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का छोटा भाई राज चौधरी भी मौके पर पहुंच गया।
हादसे से आक्रोशित पांडेडीह गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में राजगंज थाना पहुंचे और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राजगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















