धनबाद: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र स्थित सुंदरपहाड़ी गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं में अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पूर्वी टुंडी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद सुंदरपहाड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि मृतक के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो तत्काल पूर्वी टुंडी थाना को सूचित करें।
















