धनबाद: बेलगड़िया टाउनशिप को आधुनिक और सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आदर्श पुनर्वास क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन एवं चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विस्थापित परिवारों के आवासीय क्वार्टरों की मरम्मत, स्वास्थ्य केंद्र के विकास, आंतरिक सड़कों के निर्माण, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, जलमीनार निर्माण तथा युवाओं के लिए प्रस्तावित मेगा स्किल सेंटर की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रत्येक परियोजना की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन ने दोहराया कि बेलगड़िया टाउनशिप का समग्र विकास उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विस्थापित परिवारों को बेहतर आवास, गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
















