धनबाद: जागृत मंदिर, चिरागोड़ा के तृतीय स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर 8 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ, प्राण-प्रतिष्ठा तृतीय वार्षिक उत्सव एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को भगवती जागृत मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंदिर समिति के सचिव राजेश सिन्हा ने बताया कि 8 जुलाई (बुधवार) को सुबह 6:30 बजे मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से वृंदावन के प्रसिद्ध संत श्री उज्ज्वल शांडिल्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन 14 जुलाई तक प्रतिदिन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 जुलाई से 15 जुलाई तक मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं तृतीय वार्षिकोत्सव के विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। वहीं 15 जुलाई को पूर्णाहुति के उपरांत रात्रि 8 बजे से भव्य भगवती जागरण और आकर्षक धार्मिक झांकियों का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 16 जुलाई को शाम 4 बजे पूर्णाहुति के बाद महा भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजन को लेकर चिरागोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तों के बीच उत्साह का माहौल है।
















