धनबाद: सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को कंबाइंड बिल्डिंग के आसपास स्थित सरकारी जमीन की मापी कराई गई।
अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पथ निर्माण विभाग के क्वार्टरों में कई अवैध कब्जाधारी पाए गए। सभी को छठ पूजा के बाद हर हाल में क्वार्टर खाली करने का निर्देश दिया गया है।
मापी के दौरान सरकारी जमीन पर बने दो मकानों का भी पता चला है। जमीन का सीमांकन पूरा होने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा।
अंचल अधिकारी के अनुसार, कंबाइंड बिल्डिंग के आसपास उपलब्ध सरकारी जमीन पर टाउन हॉल, खेल मैदान और लाइब्रेरी बनाने की योजना है। प्रशासन का उद्देश्य अतिक्रमण हटाकर इन विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना है।
















