गोविंदपुर (धनबाद): आगामी काली पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को गोविंदपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने की। इसमें विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में वन काली मंदिर, रक्षा काली मंदिर (लाल बाजार) और खड़काबाद काली मंदिर सहित प्रमुख पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी।
पिछले वर्ष खड़काबाद में पूजा और मेले के दौरान हुई गोलीबारी की घटना को देखते हुए इस बार प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर पर भी वालंटियर तैनात रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में सनत लायक, बलराम प्रसाद साव, राजा दास, गोपीनाथ कुंभकार, राधेश्याम गिरि, आशुतोष बनर्जी, अमित लायक, आकाश लायक, मंटू दास और राजीव भारती सहित कई लोग उपस्थित रहे।
















