धनबाद: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन धनबाद को पारदर्शी, त्वरित और नागरिक हितैषी प्रशासन देने के साथ जिले के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर, फुट-ओवरब्रिज और गया पुल अंडरपास के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। नमामि गंगे परियोजना के तहत 769.9 करोड़ रुपये की लागत से 192 एमएलडी क्षमता वाले पांच एसटीपी की स्वीकृति मिली है।
स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के मूल्यांकन में धनबाद को 100 में 100 अंक मिले हैं। वहीं बरमसिया, लोको और राजा तालाब के सौंदर्यीकरण तथा पम्पू तालाब के पुनर्जीवन की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास के तहत मुख्य सड़कों से गांवों को जोड़ने के लिए 100 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। पेयजल के लिए 23 योजनाओं पर काम चल रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में 118 विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण तथा 38 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को विकसित करने की योजना की जानकारी भी दी गई।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जिले के 1.48 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को 13,048 स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। वहीं 6,464 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। कौशल विकास के तहत 5,822 लोगों को प्रशिक्षण और 2,429 लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई।
सामाजिक सुरक्षा के तहत 2.75 लाख से अधिक पेंशनधारियों को समय पर पेंशन भुगतान तथा मंईयां सम्मान योजना के 3,46,145 लाभुकों को जुलाई 2026 तक की राशि दिए जाने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सदर अस्पताल की ओपीडी सेवा में बढ़ोतरी और 80 से अधिक पैथोलॉजी जांच की सुविधा का उल्लेख किया गया। अर्श क्लिनिक रैंकिंग में धनबाद के राज्य में प्रथम और देश में तीसरे स्थान पर रहने की जानकारी भी दी गई।
झरिया पुनर्वास को लेकर उपायुक्त ने बताया कि 81 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से 215 परिवारों को स्थानांतरित किया गया है। बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-5 में 2,000 आवासों का निर्माण 72 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई।
समारोह में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।
















