हावड़ा: हावड़ा नगर निगम के पूर्व मेयर इन काउंसिल (MIC) और तृणमूल कांग्रेस नेता श्यामल मित्रा को पुलिस ने न्यूटाउन से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ रंगदारी, धमकी और मारपीट समेत कई मामलों में आरोप दर्ज हैं।
शनिवार को शिवपुर पुलिस श्यामल मित्रा को हावड़ा अदालत में पेशी के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। बताया गया कि भीड़ की ओर से उन पर कच्चे अंडे फेंके गए और हाथापाई की कोशिश भी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें सुरक्षित अदालत पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, 4 मई को चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद बिना अनुमति जुलूस निकालने का आरोप श्यामल मित्रा पर लगा था। जुलूस रोकने के दौरान पुलिस के साथ कथित मारपीट में एक सब-इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है।
वहीं, शिवपुर थाने में शुभजीत चटर्जी की शिकायत के आधार पर भी मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 10 अप्रैल की रात भाजपा कार्यालय के बाहर हमला किया गया और हथियार दिखाकर 1.5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर मारपीट और 30 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने श्यामल मित्रा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















