धनबाद: धनबाद मंडल कारा में सोमवार देर रात उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में औचक निरीक्षण और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करना और प्रतिबंधित या अनधिकृत वस्तुओं की मौजूदगी का पता लगाना था।
अभियान के दौरान पांच पुरुष वार्डों, एक महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की तलाशी ली गई। पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद किए गए। महिला वार्ड की तलाशी महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने की।
कार्रवाई में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बरांगे सहित कई डीएसपी, एसडीपीओ और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई, जिसमें व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। मेडिकल वार्ड में भर्ती कैदियों की विशेष मेडिकल टीम से जांच कराने की बात भी कही गई।
















