धनबाद: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़े 43 संकुल संगठनों की महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने जनसेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न प्रखंडों में पेयजल सेवा केंद्रों की शुरुआत की है। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के जिला परियोजना प्रबंधक सुदिप्ता बनर्जी ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा शुरू किए गए इस प्रयास का उद्देश्य आम लोगों को गर्मी के मौसम में स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह पहल जनसेवा के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि पेयजल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शुद्ध और शीतल पानी की सुविधा मिल रही है। वहीं महिला समूहों को सामाजिक सेवा के साथ-साथ नेतृत्व और प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।
सुदिप्ता बनर्जी ने बताया कि “जल है तो कल है” के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति भी जागरूक कर रही है। यह अभियान स्वस्थ समाज, स्वच्छ जल और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महिला स्वयं सहायता समूहों की यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता को मजबूत करेगी, बल्कि सामुदायिक भागीदारी और महिला नेतृत्व को भी बढ़ावा देगी। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
















