धनबाद: धनबाद के लोयाबाद क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लोयाबाद 5 नंबर हटिया के सामने रहने वाला एक युवक भटिंडा फॉल में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नहाते समय गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलते ही मुनीडीह ओपी प्रभारी मनिता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है और लगातार खोजबीन की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय समिति के सदस्य तथा झामुमो नेता राज कुमार नापित सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद हैं और रेस्क्यू कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और रेस्क्यू अभियान जारी है।
















