धनबाद: जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ धनबाद के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर तक झारखंड के कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। मध्य झारखंड में स्थित धनबाद में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
सामान्य से करीब 6 फीसदी कम बारिश
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 15 सितंबर तक धनबाद में 898 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 953.4 मिमी है। इस तरह जिले में सामान्य से करीब 6 फीसदी कम बारिश हुई है।
आने वाले दिनों में बारिश होने से धान समेत अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। वहीं, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
















