धनबाद: महेशपुर कोलियरी में संचालित श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के O.B. डंप क्षेत्र में भू-धंसान की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 50 फीट के दायरे में जमीन धंस गई। राहत की बात है कि घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महेशपुर कोलियरी क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले कोलियरी के पंखा घर का छज्जा टूटकर गिरने की घटना भी हुई थी।
बताया जाता है कि BCCL की ओर से पहले ही इस इलाके को डेंजर जोन घोषित कर लोगों को नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद क्षेत्र में भू-धंसान की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की जरूरत है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्र को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
स्थान: महेशपुर कोलियरी, सिनीडीह, धनबाद, झारखंड
















