धनबाद : Dhanbad सहित राज्य के कई जिलों में पेट्रोल की किल्लत अब गंभीर रूप लेती दिखाई दे रही है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि कुछ पंपों पर केवल डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंगलवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। बाइक, कार और अन्य वाहनों की लंबी कतारों के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई जगहों पर स्टॉक खत्म होने के बाद पंपों को अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा हाल ही में लोगों से जरूरत पड़ने पर ही वाहन उपयोग करने और संभव हो तो “वर्क फ्रॉम होम” अपनाने की अपील के बाद लोगों में पेट्रोल की कमी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपने वाहनों की टंकियां फुल करानी शुरू कर दीं। कई लोग डिब्बों और कंटेनरों में भी पेट्रोल जमा करते नजर आए, जिससे अचानक मांग कई गुना बढ़ गई।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में पिछले दो दिनों में खपत काफी अधिक बढ़ गई है। एक पंप मैनेजर ने बताया कि लोग लगातार फुल टैंक कराने पहुंच रहे हैं, जिससे उपलब्ध स्टॉक तेजी से समाप्त हो गया।
इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली वाहन चालकों और रोजमर्रा के कामकाजी लोगों पर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सप्लाई सामान्य कराने और अफवाहों पर रोक लगाने की मांग की है।
पंप संचालकों का कहना है कि देर शाम तक नए टैंकर पहुंचने की संभावना है, जिससे स्थिति में कुछ राहत मिल सकती है।
















