धनबाद: नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान हाईवे के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 45 वाहनों का चालान काटकर कुल ₹3 लाख का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।
टीम ने चालकों को हिदायत दी कि हाईवे या मुख्य सड़क के किनारे अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई।
अधिकारियों के अनुसार, हाईवे पर यातायात को सुचारू रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
















