धनबाद: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर धनबाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई स्कूल वाहनों के कागजात अधूरे पाए जाने पर जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान DAV Public School Kusunda, DAV Public School Lodna और Tata DAV Public School Jamadoba के वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि कई वाहनों के दस्तावेज अधूरे हैं और वे निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके बाद अधिकारियों ने मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए DAV स्कूल के 6 वाहनों पर 51,400 रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि टाटा DAV जामाडोबा के 4 वाहनों पर 52,900 रुपये का चालान किया गया। इस प्रकार कुल मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
अभियान के दौरान मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार और शुभम कुमार के साथ जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार और रोड सेफ्टी इंजीनियर अमरेश कुमार भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल प्रबंधन या वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














