धनबाद: एसजेएएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और धनबाद बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के दूसरे दिन अधिवक्ताओं एवं उनके परिजनों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर के दौरान मेडिसिन, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। इसके साथ ही ईसीजी, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT), ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित कई महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की गईं। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाओं, आगे की चिकित्सकीय जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी सुझाव भी दिए गए।
एसजेएएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक शिवेंद्र सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में संभव होती है, जिससे प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।
धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की व्यस्त दिनचर्या के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच कराना कठिन होता है। ऐसे शिविर उनके लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया।
बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धनेश्वर महतो सहित अन्य पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच और परामर्श की सुविधा मिलना सराहनीय कदम है।
आयोजकों के अनुसार, शिविर के सफल संचालन में चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल टीम तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस पहल से अधिवक्ताओं के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ चिकित्सा संस्थानों और विधिक समुदाय के बीच सहयोग भी मजबूत हुआ।
















