धनबाद: जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। पंचायतीराज विभाग की निधि से होने वाले इस कार्य पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शारदा सिंह ने कहा कि जिला परिषद की कई संपत्तियां वर्तमान में जर्जर स्थिति में हैं। इन्हें दुरुस्त कर दोबारा उपयोग में लाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे संपत्तियों का बेहतर उपयोग होने के साथ जिला परिषद की आय बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि पिछले बोर्ड की बैठक में निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया गया था। काम पूरा होने के बाद भवन को विभिन्न सामाजिक और अन्य आयोजनों के लिए बुक कराया जा सकेगा।
टाउन हॉल के साथ मिलेगा एक और विकल्प
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि धनबाद में मौजूद टाउन हॉल की क्षमता सभी आयोजनों के लिए पर्याप्त नहीं पड़ती। ऐसे में लोगों को कई बार वैकल्पिक स्थल की तलाश करनी पड़ती है। निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार के बाद यह एक अतिरिक्त आयोजन स्थल के रूप में उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद की ओर से पूजा टॉकीज के पास अपनी जमीन पर मिनी टाउन हॉल बनाने का भी निर्णय लिया गया है। इसके लिए डीपीआर तैयार करने और टेंडर से जुड़ी प्रक्रिया चल रही है।
















