धनबाद/नई दिल्ली | 24 जुलाई: जदयू के राज्यसभा सांसद एवं रेलवे बोर्ड की स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य खीरू महतो ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार से मुलाकात कर धनबाद रेल मंडल के यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई।
इस दौरान उनके साथ हाजीपुर जोनल रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य पिंटू कुमार सिंह भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद रेल मंडल में यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने, लंबित मांगों के समाधान और आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों पर रेलवे प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाएगा।
बैठक के दौरान धनबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार, बेहतर संचालन और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान पर भी चर्चा हुई।
















