धनबाद | 24 जुलाई: बिनोद बिहारी चौक स्थित अपना हार्डिंग सोसाइटी परिसर में शुक्रवार को श्री सार्वजनिक शिव एवं हनुमान मंदिर निर्माण समिति की ओर से भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता कुंभनाथ सिंह ने भूमि पूजन में भाग लेकर मंदिर की आधारशिला रखी।
भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सोसाइटी के सदस्य और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और भगवान हनुमान की आराधना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि परिसर में भगवान शिव और श्री हनुमान जी का एक भव्य सार्वजनिक मंदिर बनाया जाएगा, जो भविष्य में क्षेत्रवासियों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर कुंभनाथ सिंह ने कहा कि मंदिर निर्माण समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने का कार्य है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में सहयोग और सहभागिता की अपील की।
समिति ने भी आम लोगों से इस धार्मिक कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का आग्रह किया, ताकि मंदिर का निर्माण शीघ्र पूरा कर इसे श्रद्धालुओं के लिए समर्पित किया जा सके।
















