जमशेदपुर: युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड राज्य युवा आयोग द्वारा रविवार को जमशेदपुर में 22 किलोमीटर लंबी साइक्लोथोन (साइकिल रैली) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हुई, जिसमें महिला और पुरुष दोनों वर्गों के सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
साइक्लोथोन का निर्धारित मार्ग जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से आदित्यपुर टोल ब्रिज होते हुए पुनः जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक रखा गया था। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए थे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 9,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज, विशेषकर युवाओं में जागरूकता फैलाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कार वितरण और सभी प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ। आयोजकों ने इसे युवाओं की सकारात्मक भागीदारी और सामाजिक जागरूकता का सफल उदाहरण बताया।
















